
महाभारत की महान गाथा: देवव्रत की भीष्म प्रतिज्ञा
By: Rajendra Kapil
देवव्रत के वापस धरती पर लौटने के बाद, पिता पुत्र की आपस में बहुत घनिष्ठता हो गई. शान्तनु एक युवा पुत्र को पाकर बहुत ही प्रसन्न थे. वह देवव्रत के साथ अपना बहुत सा समय बिताने लगे. उसे राजपाट की बारीकियाँ समझाने लगे. देखते ही देखते देवव्रत एक सुंदर युवक के रूप में उभर कर आने लगा. बल बुद्धि में कुशल, अस्त्र शस्त्र में निपुण, और प्रजा के प्रति सहज रूप से संवेदनशील, यह राजकुमार अब युवराज बनने योग्य हो गया था.
एक दिन हस्तिनापुर की सीमा पर शल्य नामक एक राजा ने अनाधिकृत ढंग से क़ब्ज़ा करने की सोची. वह अपने कुछ सैनिकों के साथ सीमा पर उपद्रव करने लगा. जब राजा शान्तनु को इसका पता चला, तो उन्होंने देवव्रत को स्थिति सम्भालने के लिए भेजा. देवव्रत बड़ी कुशलता से शल्य और उसके सैनिकों को परास्त कर, और शल्य को बंदी बना कर राजसभा में ले आया. राजा शान्तनु ने मंत्रियों से सलाह कर, शल्य के लिए दण्ड निर्धारित करने को कहा. मुख्य मन्त्री ने मृत्यु दण्ड का सुझाव दिया. ऐसे में देवव्रत ने अपना एक सुझाव देने की अनुमति माँगी. अनुमति मिलने पर देवव्रत ने पिता से कहा कि, आप एक नयी नीति अपनाएँ. इस शत्रु को दण्ड की बजाय, क्षमा कर दें. इससे, एक तो शत्रु को अपनी भूल का आभास होगा, दूसरा वह भविष्य में हमारा मित्र बन, हमारी सहायता भी कर सकता है. शान्तनु को देवव्रत का यह सुझाव, बहुत अच्छा लगा, और उन्होंने शल्य को माफ़ कर के छोड़ दिया. इसके बाद राजा शान्तनु ने देवव्रत को अपने राज्य का युवराज घोषित कर दिया.
कुछ दिनों पश्चात राजा शान्तनु शिकार के लिए निकले. शिकार करते करते, वह यमुना नदी के किनारे आ पहुँचे. वहाँ विश्राम कर रहे थे, तो उन्हें किनारे लगी एक नाव में, बहुत सुंदर स्त्री दिखाई पड़ी. युवती इतनी सुंदर थी कि, शान्तनु उसे देख, मोहित हो गए. उस युवती का नाम सत्यवती था. वह पास के एक मछुआरे दशराज की बेटी थी. राजा शान्तनु से अपनी काम/ वासना पर वश नहीं रहा. उनके मन में उससे विवाह करने की तीव्र लालसा जागी. उन्होंने उस युवती के समीप जाकर, उसके परिवार के बारे में पूछताछ की. सत्यवती ने बड़े सहज भाव से, राजा को अपने पिता के बारे में बता दिया, और इस विषय में, उन्हीं से बातचीत करने को कहा.
राजा शान्तनु मछुआरे दशराज के पास पहुँच गए, और बोले, मैं हस्तिनापुर का राजा शान्तनु हूँ, और आपकी बेटी से विवाह करना चाहता हूँ. महाराज का विवाह प्रस्ताव सुन, दशराज बहुत प्रसन्न हुआ, और बोला कि, इसके जन्म के समय, उसे कुछ ज्योतिषियों ने बताया था कि, बेटी को रानी बनने का संयोग है. आज यह सत्य होता प्रतीत हो रहा है. उसी बातचीत में दशराज ने शान्तनु से कहा, मैं इस विवाह के लिए तैयार हूँ, लेकिन मेरी एक शर्त है. राजा ने कहा स्पष्ट बोलो, तुम्हारे मन में क्या है? तब दशराज ने कहा कि, विवाह के बाद इसका बेटा ही, हस्तिनापुर की गद्दी पर बैठेगा. राजा शान्तनु को यह शर्त बिल्कुल अच्छी नहीं लगी. उन्होंने दशराज से कहा, यह संभव नहीं है, क्योंकि मैं पहले ही अपने बड़े बेटे देवव्रत को राज्य का युवराज घोषित कर चुका हूँ. अपने उस निर्णय को मैं अब बदल नहीं सकता. यह सच है कि, मैं आपकी बेटी से प्रेम करने लगा हूँ, लेकिन उस प्रेम में, अभी इतना अंधा नहीं हुआ हूँ कि, आपकी इस अनुचित शर्त को स्वीकार कर लूँ. यह कह कर, शान्तनु वहाँ से चुपचाप चले गए.
वापस महल पहुँच कर, अपने कामकाज में व्यस्त हो गए. व्यस्तता के बाद भी, सत्यवती उनके मन से भूली नहीं. उससे शान्तनु मन ही मन, थोड़े उदास रहने लगे. पिता को उदास देख, देवव्रत ने कारण जानने का प्रयास किया, लेकिन राजा ने बेटे को कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया. बस बात को टाल जाते थे. देवव्रत भी, पिता की परेशानी से प्रभावित, दुखी हो गए. उन्होंने बाक़ी लोगों से पिता की परेशानी का कारण जानने का प्रयास आरम्भ कर दिया. एक दिन वह पिता के सारथी के पास जा पहुँचे और उनसे पूछा कि, उनके पिता की परेशानी का कारण क्या है? सारथी जानता तो था, लेकिन बताने में झिझकने लगा. देवव्रत के ज़ोर देने पर, सारथी ने महाराज और सत्यवती के मिलन की सारी कहानी देवव्रत को बता दी. साथ ही यह भी बताया की, उसके पिता दशराज ने, उनके सामने एक असम्भव सी शर्त भी रखी थी, जो महाराज को बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं थी.
यह सब सुनकर, देवव्रत को लगा, कि, अब एक पुत्र का कर्तव्य निभाने का समय आ गया है. अगले दिन, वह पिता को बिना बताये, मछुआरे दशराज के घर जा पहुँचे. आदर सत्कार के बाद, देवव्रत ने पूरी कहानी सुनी, उसे लगा कि, इसका समाधान तो बहुत ही आसान है. पिता नहीं चाहते कि, मेरे अलावा कोई और गद्दी पर बैठे, लेकिन मैं स्वयं तो गद्दी छोड़ सकता हूँ. उसे लगा, पिता की इच्छापूर्ति में, उसका युवराज बनना बाधक बन रहा है. उन्होंने मन ही मन इस विषय पर गम्भीरता से विचार किया, और स्वयं एक निर्णय पर आ पहुँचे.
अगले दिन वह फिर दशराज के घर फिर आ पहुँचे और बोले, मुझे पिता की ख़ुशी के लिए, आपकी यह शर्त स्वीकार है. मैं गद्दी पर नहीं बैठूँगा, बल्कि जो भी आपकी पुत्री का बेटा होगा, उसे गद्दी सौप दूँगा. अब तो आप तैयार हैं? मछुआरा दशराज़ देवव्रत के इस वचन से भी संतुष्ट नहीं हुआ, और बोला, चलो मैं आपकी बात मान लेता हूँ कि, आप अपने पिता की ख़ुशी के लिए यह त्याग कर दोगे. लेकिन इस बात का क्या आश्वासन है कि, आपकी होने वाली सन्तान इस गद्दी पर अपने अधिकार के लिए नहीं लड़ेगी. आप राजकुल से हैं, आपकी संतान में भी राजकुल का खून एवं शौर्य होगा. वह संतान मेरी बेटी के पुत्रों को गद्दी के निकट भी नहीं जाने देगी.
इस नयी समस्या को सामने देख, देवव्रत को फिर से सोचना पड़ा. थोड़ी देर विचार के बाद देवव्रत ने एक गम्भीर निर्णय लिया. उन्होंने दशराज से कहा, मैं आपको वचन देता हूँ कि, आपकी इस समस्या को सुलझाने के लिए, मैं यह प्रतिज्ञा लेता हूँ कि, मैं आजीवन ब्रह्मचारी रहूँगा. कभी किसी स्त्री से विवाह नहीं करूँगा. जब विवाह ही नहीं होगा, तो सन्तान भी नहीं होगी. जब संतान ही नहीं होगी, तो गद्दी के लिए लड़ाई भी नहीं होगी. यह एक भीष्म प्रतिज्ञा थी.
देवव्रत की इस भीष्म प्रतिज्ञा को सुन कर, देवता लोग भी प्रसन्न हो उठे. देवव्रत की स्तुति गाने लगे. आकाश से फूल बरसाने लगे. उस दिन के बाद से देवव्रत का नाम ´भीष्म‘ पड़ गया. जब राजा शान्तनु को अपने बेटे की इस भीष्म प्रतिज्ञा के बारे में पता चला, तो पहले उन्हें लगा कि, बेटे ने मेरे लिए, अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है. इसने मेरे लिए बहुत बड़ा त्याग कर दिया है. शान्तनु, देवव्रत के इस निर्णय से बिल्कुल सहमत नहीं थे. युवा बेटे के विवाह करने के दिन थे और उसने अपने पिता की खुशी के लिए अपनी सारी वैवाहिक खुशी को, इस भीष्म प्रतिज्ञा से, जीवन भर के लिए, तिलांजलि दे डाली. शान्तनु ने, बेटे को अपनी प्रतिज्ञा तोड़ने के लिए, बहुत समझाया. लेकिन देवव्रत ने पिता की एक न सुनी. अंत में शान्तनु को
अपने बेटे की भीष्म प्रतिज्ञा के सामने झुकना पड़ा. उन्होंने सत्यवती के साथ विधिवत विवाह किया. और बरसों तक एक सुखी दाम्पत्य जीवन का यापन किया. जय महाभारत !!!